राहुल गांधी के बयान पर मायावती का करारा पलटवार, जानें किस बात पर भड़कीं बसपा सुप्रीमो

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Mayawati, Mayawati News, Mayawati Vs Rahul Gandhi

Image Source : PTI FILE/X.COM/INCUTTARPRADESH
बीएसपी सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस नेता राहुल गांधी।

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक बयान पर गुरुवार को पलटवार किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बयान में कहा था कि मायावती बीजेपी की B टीम की तरह काम कर रही हैं। राहुल के इस बयान पर यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री ने भड़कते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने जब भी कांग्रेस जैसी ‘जातिवादी’ पार्टियों के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा है तो BSP को उनका वोट ट्रांसफर नहीं हुआ है, जबकि उनके वोट गठबंधन के साथी को मिल जाते हैं।

‘बीएसपी को हमेशा घाटे में ही रहना पड़ा’

मायावती ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी जिन राज्यों में मजबूत है या जहां उनकी सरकारें हैं, वहां बीएसपी व उनके अनुयाइयों के साथ द्वेष व जातिवादी रवैया है, किन्तु यूपी जैसे राज्य में जहां कांग्रेस कमजोर है वहां बीएसपी से गठबंधन की बरगलाने वाली बातें करना, यह उस पार्टी का दोहरा चरित्र नहीं तो और क्या है? फिर भी बीएसपी ने यूपी व अन्य राज्यों में जब भी कांग्रेस जैसी जातिवादी पार्टियों के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा है तब हमारा बेस वोट उन्हें ट्रांसफर हुआ है लेकिन वे पार्टियां अपना बेस वोट बीएसपी को ट्रांसफर नहीं करा पायी हैं। ऐसे में बीएसपी को हमेशा घाटे में ही रहना पड़ा है।’

जानें मायावती ने और क्या कहा

मायावती ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘वैसे भी कांग्रेस व भाजपा आदि का चाल, चरित्र, चेहरा हमेशा बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर, उनकी अनुयायी बीएसपी व उसके नेतृत्व, उनके दलित-बहुजन अनुयाइयों एवं आरक्षण आदि का घोर विरोधी रहा है, जिससे देश संविधान का समतामूलक व कल्याणकारी उद्देश्य पाने में काफी पीछे जो चिन्ताजनक है।’ बता दें कि पिछले कुछ चुनावों में बहुजन समाज पार्टी का प्रदर्शन उसके गौरवशाली अतीत की छाया ही रहा है और वह अपनी पुरानी परफॉर्मेंस के आसपास भी नहीं पहुंच पाई है।

आखिर क्या कहा था राहुल गांधी ने?

इससे पहले राहुल गांधी ने रायबरेली में दलित छात्रों से संवाद के दौरान कहा था, ‘एक सवाल है मायावती आजकल क्यों ठीक से चुनाव नहीं लड़ रहीं। हम चाहते थे कि बहन जी बीजेपी के विरोध में मेरे साथ चुनाव लड़ें। अगर तीनों पार्टियां एक साथ हो जातीं तो बीजेपी कभी चुनाव न जीतती। मायावती बीजेपी की B टीम बनकर काम कर रही हैं। कांशीराम जी का मैं भी सम्मान करता हूं। कांशीराम जी ने व बहन जी ने काम किया।’ (इनपुट: डीएम सिंह)

Latest India News

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india