
चौमुहां। थाना जैत क्षेत्र के चौमहां गांव में दहेज उत्पीड़न के चलते एक महिला की गला दबाकर हत्या किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष के लोगों पर अतिरिक्त दहेज न मिलने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
फरीदाबाद (हरियाणा) के बल्लभगढ़ स्थित प्रहलादपुर (डीग) निवासी मानसिंह पुत्र जगपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन शीतल की शादी 23 जून 2023 को चौमहां निवासी जयगोपाल पुत्र धीमू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी में लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति जयगोपाल, सास जमुना, ससुर धीमू, ननद गुड़िया, गिरधारी और बड़ा भाई संजू कम दहेज लाने का ताना देते हुए 5 लाख रुपये नकद व एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर मृतका के साथ लगातार मारपीट व शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि गर्भवती होने पर महिला का जबरन गर्भपात भी कराया गया था।
पीड़ित भाई ने बताया कि 22 अक्टूबर 2026 को अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर उक्त सभी आरोपियों ने एकराय होकर शीतल के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष जैत सोनू कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।




