महाकुंभ के अंतिम सप्ताह में भीड़ बढ़ने की आशंका, रेलवे स्टेशनों पर किए गए ये खास इंतजाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Railway Station

Image Source : PTI
रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़

Kumbh Mela 2025:  महाकुंभ मेला अब धीरे-धीरे अपने समापन की ओर बढ़ रहा है। मेले के अंतिम सप्ताह में भीड़ बढ़ने की संभावना के मद्देनजर रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं।  तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या की संभावना के मद्देनजर विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए हैं। मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। रेलवे ने विभिन्न स्टेशन पर ऐसे समय में ये ‘होल्डिंग एरिया’ (यात्रियों के ठहरने के लिए स्थान) बनाये हैं, जब नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 15 फरवरी को भगदड़ मच जाने से 18 लोगों की मौत हो गई थी। 

स्टेशनों पर ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए गए

रेल मंत्रालय ने  बयान जारी कर यात्रियों से सहयोग करने और सुचारू एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आधिकारिक दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। मंत्रालय ने बताया कि रेलवे ने उत्तर रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर ‘होल्डिंग एरिया’ स्थापित किए हैं। ये ‘होल्डिंग एरिया’ प्लेटफॉर्म के बाहर स्थापित किए गए हैं, जिससे यात्रियों को नियंत्रित करने और भीड़भाड़ को रोकने में मदद मिलेगी। 

मंत्रालय ने कहा, ‘‘यात्रियों को उनकी ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान के समय पर प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य भीड़ प्रबंधन में सुधार करना और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना है।’’ इसमें कहा गया कि उत्तर रेलवे ने गाजियाबाद, आनंद विहार, नयी दिल्ली, अयोध्या धाम और बनारस में बड़े पैमाने पर ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे ने भी बनारस, सिवान, बलिया, देवरिया, छपरा और गोरखपुर में ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए हैं।

55 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु कर चुके स्नान

प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हुए महाकुंभ में अब तक 55 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई है। राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, 55 करोड़ से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं का आना, किसी भी धार्मिक, सांस्कृतिक या सामाजिक आयोजन में मानव इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी सहभागिता है। यह महाकुंभ मेला 26 फरवरी (महाशिवरात्रि) तक चलेगा। 

आंकड़ा  60 करोड़ से अधिक होने की उम्मीद

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि भारत के 110 करोड़ सनातन अनुयायियों में से आधे ने डुबकी लगा ली है और 26 फरवरी को अंतिम स्नान अनुष्ठान तक यह संख्या 60 करोड़ से अधिक होने की उम्मीद है। बयान में कहा गया है कि वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू, प्यू रिसर्च के अनुसार, भारत की जनसंख्या लगभग 143 करोड़ है, जिसमें 110 करोड़ लोग सनातन धर्म के अनुयायी हैं। इसमें दावा किया गया है कि त्रिवेणी संगम पर स्नान करने वालों की संख्या भारत के सनातन अनुयायियों का 50 प्रतिशत है।

कुल आबादी के 38 प्रतिशत से अधिक लोगों ने लगाई डुबकी

बयान में कहा गया है कि भारत की कुल आबादी के हिसाब से देखें तो देश के 38 प्रतिशत से अधिक लोगों ने संगम में डुबकी लगाई है। इसमें कहा गया है कि प्यू रिसर्च 2024 के अनुसार, दुनिया भर में अनुमानित 120 करोड़ लोग सनातन धर्म को मानते हैं, जिसका अर्थ है कि दुनिया भर के 45 प्रतिशत से अधिक सनातनियों ने संगम में डुबकी लगाई है। बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ में 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई थी। जबकि 14 फरवरी तक यह संख्या 50 करोड़ से अधिक हो गई और 17 फरवरी को 55 करोड़ तक पहुंच गई। पूरी उम्मीद है कि स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की यह संख्या 60 करोड़ के ऊपर जा सकती है। (इनपुट-भाषा)

Latest India News

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india